उत्तराखंड समाचार

27 फरवरी को होंगे बार एसोसिएशन चुनाव

नामांकन शुरू, 28 फरवरी को होगी मतगणना

देहरादून। देहरादून में बार एसोसिएशन चुनाव के लिए प्रत्याशी आलोक घिलिडियाल समर्थकों संग अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। 27 फरवरी को बार एसोसिएशन देहरादून के चुनाव होंगे, जिसके लिए आज से नामांकन शुरू हो गए हैं। जबकि 28 फरवरी को मतगणना होगी। प्रदेश की सबसे बड़ी बार एसोसिएशन में चुनावी बिसात बिछने लगी है। वर्तमान अध्यक्ष अनिल शर्मा भी अपने कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि को लेकर मैदान में उतरेंगे। इस बार उनके नाम पुरानी जेल परिसर में अधिवक्ताओं के चेंबर के लिए भूमि मुहैया कराने की उपलब्धि है।

बार एसोसिएशन के 11 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए चुनाव  27 फरवरी को होने हैं। मुद्दे इस बार भी पहले जैसे ही हैं। इनमें बार बेंच में समन्वय, अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए बीमा आदि शामिल हैं। जबकि, लंबे समय से चली आ रही अधिवक्ताओं के चेंबर की मांग इस बार पूरी होने वाली है। पिछले दिनों कैबिनेट ने पुरानी जेल में पांच बीघा जमीन को लीज पर देने का निर्णय लिया है। अब वर्तमान कार्यकारिणी इस फैसले को भुना पाएगी या नहीं इस बात का फैसला तो फरवरी के अंत में ही होना है। पुराने मुद्दों में से अब भी कई ऐसे हैं जिन्हें लंबे समय से पूरा नहीं किया जा सका है। कुछ साल पहले पूर्व अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल के प्रयास से मौजूदा कचहरी में सैकड़ों चेंबर बनाए गए थे। इनमें ज्यादातर का निर्माण पूरा किया जा चुका है जबकि बहुत से अब भी बनने से बाकी हैं। बताया जा रहा है कि करीब चार हजार अधिवक्ता इस बार मतदान करेंगे। इसके लिए मतदाताओं की सूची भी जल्द ही प्रकाशित की जाएगी।

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button