आपका शहरउत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेशदेहरादूनन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

दून पुस्तकालय में हुआ ‘आई डेयर्ड टू डायल डिफरेंटली’ पर लेखक से संवाद

पुस्तक में उन्होंने इन अनुभवों को सहज और कहीं-कहीं व्यंग्यात्मक शैली में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।

देहरादून। भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली, निर्णय लेने की प्रक्रिया, संस्थागत दबावों और लोकसेवा की चुनौतियों पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण संवाद आज दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सभागार में आयोजित हुआ। भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए), उत्तराखण्ड चैप्टर तथा दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं पूर्व प्रशासक श्री जे.एस. दीपक, आईएएस (1982) ने अपनी पुस्तक आई डेयर्ड टू डायल डिफरेंटली के माध्यम से अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्य सचिव एवं दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के मानद निदेशक श्री एन. रवि शंकर ने की। इस अवसर पर प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े लोगों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, बुद्धिजीवियों और पुस्तक प्रेमियों ने लेखक के साथ संवाद किया। संवाद के दौरान श्री जे.एस. दीपक ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल नियमों और प्रक्रियाओं के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जनहित, नैतिक साहस और स्वतंत्र विवेक के साथ निर्णय लेने की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपने सेवाकाल के विभिन्न अनुभवों का उल्लेख करते हुए बताया कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ऐसे अवसर आते हैं, जब उन्हें प्रचलित कार्यशैली से अलग हटकर नियमों और जनहित के अनुरूप निर्णय लेने पड़ते हैं। ऐसे निर्णय आसान नहीं होते और उनके परिणाम भी सामने आते हैं, लेकिन एक लोकसेवक के लिए अपनी जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहना आवश्यक है। उन्होंने पुस्तक में उल्लिखित उत्तर प्रदेश में सर्व शिक्षा अभियान के दौरान अनियमितताओं के विरुद्ध की गई कार्रवाई, प्रभावशाली लोगों से जुड़े विद्यालयों के मामलों तथा दूरसंचार विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य करते हुए 2 जी प्रकरण के बाद की परिस्थितियों और 3 जी स्पेक्ट्रम नीलामी से जुड़े अनुभवों भी साझा किये। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक व्यवस्था के भीतर लिए जाने वाले निर्णयों के पीछे अनेक स्तरों पर विचार-विमर्श, दबाव, संस्थागत सीमाएं और जनहित के प्रश्न जुड़े होते हैं। पुस्तक में उन्होंने इन अनुभवों को सहज और कहीं-कहीं व्यंग्यात्मक शैली में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।
अध्यक्षीय संबोधन में श्री एन. रवि शंकर ने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं के अनुभवों को इस तरह सार्वजनिक रूप से साझा करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे शासन और प्रशासन की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था की सफलता केवल नियमों और प्रक्रियाओं से नहीं, बल्कि अधिकारियों की निर्णय क्षमता, निष्पक्षता, जवाबदेही और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से भी निर्धारित होती है। ऐसी पुस्तकें प्रशासनिक सेवाओं के विद्यार्थियों और युवा अधिकारियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं, क्योंकि वे उन्हें व्यवस्था के भीतर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और निर्णयों के दूरगामी परिणामों से परिचित कराती हैं।
संवाद के दौरान राजनीतिक एवं संस्थागत दबावों के बीच प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने, स्थानांतरण एवं पदस्थापन की व्यवस्था, अधिकारियों की जवाबदेही, नीतिगत निर्णयों और लोकसेवा में नैतिक मूल्यों की भूमिका जैसे विषयों पर उपस्थित लोगों ने भी लेखक से सवाल जबाब किए।
कुल मिलाकर यह पुस्तक भारतीय प्रशासनिक सेवा के भीतर लेखक के लंबे अनुभवों, महत्वपूर्ण घटनाओं और निर्णयों का संस्मरणात्मक विवरण है। यह पुस्तक सरकारी फाइलों और औपचारिक आदेशों से आगे बढ़कर प्रशासनिक व्यवस्था के उन पहलुओं को समझने का अवसर देती है, जो सामान्यतः सार्वजनिक विमर्श में सामने नहीं आ पाते। इसमें लेखक ने यह बताने का प्रयास किया है कि व्यवस्था के भीतर रहते हुए भी स्वतंत्र सोच, विवेकपूर्ण निर्णय और नैतिक साहस के माध्यम से बदलाव की संभावनाएं तलाश की जा सकती हैं।
दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र व आई आईपीए, उत्तराखण्ड चैप्टर द्वारा आयोजित इस तरह के संवादों का उद्देश्य पुस्तकों के माध्यम से समकालीन सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और बौद्धिक विषयों पर सार्थक चर्चा को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम ने प्रशासनिक अनुभवों को व्यापक सामाजिक विमर्श से जोड़ने के साथ ही सुशासन, लोकसेवा की जवाबदेही और संस्थागत सुधार जैसे महत्वपूर्ण प्रश्नों पर विचार का अवसर प्रदान किया।
इस दौरान,पंकज नैथानी, डी. के. पाण्डे, डॉ. लालता प्रसाद, सुंदर सिंह बिष्ट, जे.बी. गोयल, चन्द्रशेखर तिवारी,एन.एस. रावत, कल्याण बुटोला, डॉ. हर्ष मणि भट्ट, बी.एस. रावत, आलोक सरीन, निधि सूद, देवेन्द्र काण्डपाल, दिनेश भट्ट, नरेन्द्र सिंह सहित आईआईपीए के सदस्य, शासन से जुड़े नियोजन व प्रशासनिक अधिकारी तथा शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581