विदेशी मदिरा की दुकान का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर दिए सुधार के निर्देश
दुकान के बाहर सामान्य निर्देश बोर्ड एवं निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित पाई गई।

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशो के क्रम में आबकारी विभाग द्वारा तिलवाड़ा स्थित विदेशी मदिरा की दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। आबकारी विभाग की टीम ने अधिकृत विक्रेता की उपस्थिति में दुकान का निरीक्षण कर अभिलेखों, स्टॉक और व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजिका का भौतिक सत्यापन किया गया तथा मूल्य संबंधी विवरण, वित्तीय वर्ष 2026-27 एवं 2027-28 के लिए जारी अनुज्ञापन, बिक्री मशीन, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई। दुकान के बाहर अनुज्ञापी का नाम, अनुज्ञापन वर्ष एवं अनुज्ञापन का प्रकार अंकित पाया गया। परिसर में अग्निशमन यंत्र भी लगा मिला, जिसकी वैधता 10 मई 2027 तक है। इसके अतिरिक्त दुकान के बाहर सामान्य निर्देश बोर्ड एवं निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित पाई गई। दुकान परिसर में साफ-सफाई, खुलने एवं बंद होने का समय तथा मैनुअल बिल बुक की उपलब्धता की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दुकान के बाहर चस्पा निर्धारित रेट लिस्ट में कतईपय बांडों का मूल्य सूची का अंकन उपलब्ध नही पाई गई, इस अनियमितता के संबंध में विक्रेता एवं अनुज्ञापी को निर्देशित किया गया कि तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें तथा भविष्य में मदिरा एवं बीयर की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ही सुनिश्चित करें। जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने स्पष्ट किया कि मदिरा दुकानों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।




