कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने किया बहादुर महिला सफाई कर्मचारियों का सम्मान
अपनी जान पर खेलकर युवती को बदमाशों से बचाने वाली महिला सफाई कर्मचारियों का सम्मान

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। नगर निगम की तीन बहादुर महिला सफाई कर्मचारियों ने विगत 23 सितम्बर को सुबह करीब 6.50 बजे नाला पानी चौक के पास से कानन कुंज सहस्रधारा रोड निवासी राहुल वर्मा की पत्नी सुषमा वर्मा की उस समय जान बचाई थी, जब कुछ लोगों द्वारा उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठा कर अपहरण करने का प्रयास किया जा रहा था। इन महिला सफाई कर्मचारियों ने बदमाशों को अपनी झाड़ू से खदेड़ने का काम किया था।
आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता मोहन कुमार काला ने राजधानी देहरादून में आयोजित एक सम्मान कार्यक्रम में तीनों महिला सफाई कर्मचारियों अनीता देवी, माया देवी और सविता देवी को शॉल उड़ाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुये उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता मोहन कुमार काला ने कहा की आज मैं आप सभी के सामने एक बेहद महत्वपूर्ण और दिल को छू लेने वाले विषय पर बात करने के लिए खड़ा हुआ हूँ। आज हम यहाँ किसी बड़े पद या उपाधि वाले व्यक्ति का नहीं, बल्कि समाज के असली हीरोज़-हमारी महिला सफाई कर्मचारियों के साहस और सम्मान में एकत्रित हुए हैं। हाल ही में, जिस प्रकार हमारी महिला सफाई कर्मचारी बहनों ने अपनी जान पर खेलकर एक युवती को बदमाशों से बचाया, उसने यह साबित कर दिया है कि वीरता किसी वर्दी या पद की मोहताज नहीं होती। जब समाज के तथाकथित ताकतवर लोग तमाशबीन बने खड़े थे, तब हाथ में झाड़ू थामने वाली उस जांबाज महिलाओ ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और एक बेटी की जान की रक्षा की। सफाई कर्मचारी सिर्फ समाज की गंदगी ही साफ नहीं करते, बल्कि वे समाज में फैले अपराध और डर जैसी मानसिक गंदगी को भी साफ करने का जज्बा रखते हैं। महिलाएं कभी कमजोर नहीं होतीं। जब बात किसी की रक्षा की आती है, तो वे दुर्गा और काली का रूप धरकर अपराधियों के दांत खट्टे कर सकती हैं। रोजाना सुबह धूप हो या ठंड, हमारे रास्तों को साफ करने वाली ये महिलाएं हमारे समाज की रीढ़ हैं। लेकिन उस दिन उन्होंने जो किया, वह उनके कर्तव्य से कहीं बढ़कर था। उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए इंसानियत का सबसे बड़ा फर्ज निभाया। ऐसी बहादुर महिलाओं को सिर्फ सरकारी पुरस्कार देना काफी नहीं है। असली सम्मान तब होगा जब हम समाज में उन्हें बराबरी का दर्जा देंगे, उन्हें सम्मान की नजरों से देखेंगे और उनके इस अदम्य साहस से प्रेरणा लेंगे।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुये उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संजय कनौजिया ने कहा की मैं वीर महिला सफाई कर्मचारियों के हौसले और जज्बे को सलाम करता हूँ। उन्होंने हमें सिखाया है कि अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए सिर्फ एक सच्चे और बहादुर दिल की जरूरत होती है। आइए, हम सब मिलकर उनके सम्मान में यह संकल्प लें कि हम भी अपने समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल नेगी, एडवोकेट नितिन चंचल,अनिल बागड़ी, वाल्मीकि विक्रम सिंह, राजेश चौधरी, सतीश आजाद, हर्ष बागड़ी, केतन चंचल, वंश चौधरी, शुभम चंद, यश कुमार सहित उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।




