आपका शहरउत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेशदेहरादूनन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

आपदा के दौरान त्वरित रेस्क्यू कार्यवाही में मददगार होंगे चार नए वाहन

आपदा के दौरान किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पांस सिस्टम को मजबूत किया जा रहा है।

रुद्रप्रयाग, 16 सितम्बर। जनपद में आपदा के दौरान त्वरित एवं प्रभावी रेस्क्यू कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए चार नए रेस्क्यू वाहन प्राप्त हुए हैं। बुधवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संयुक्त रूप से चारों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जनपद की चारों तहसीलों के लिए रवाना किया। इन वाहनों का उपयोग आपदा की स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत-बचाव कार्यों के साथ-साथ आवश्यक सामग्री एवं उपकरणों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा। इससे आपदा के दौरान संबंधित क्षेत्रों में क्विक रिस्पांस सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी तथा राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि रुद्रप्रयाग आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद है। ऐसे में आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों को शीघ्र पहुंचाने तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए इन वाहनों को तहसीलों के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पांस सिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चारों वाहनों को जनपद की चारों तहसीलों को उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर आपदा के समय तत्काल रेस्क्यू एवं राहत-बचाव कार्य शुरू किए जा सकेंगे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button