गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव
शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

देहरादून/मसूरी। देहरादून मसूरी मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास मंगलवार सुबह एक व्यापारी का शव गहरी खाई में मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नदी के समीप चट्टानों के बीच शव पड़ा था, जबकि ऊपर सड़क किनारे उनकी एमजी विंडसर कार खड़ी मिली। कार के अंदर शराब की आधी बोतल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच कई एंगल से शुरू कर दी है। मृतक की पहचान देहरादून के क्रॉस रोड निवासी करीब 60 वर्षीय अजय कुमार कोहली के रूप में हुई है। स्वजन के मुताबिक, वह देहरादून में व्यापारी थे और मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। करीब डेढ़ घंटे बाद उनका शव खाई में मिलने की सूचना ने परिवार को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे मैगी प्वाइंट निवासी प्रवीण ने सूचना दी कि पंचायती कैफे के पास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त है और वहां एक कार खड़ी है। इसी स्थान से नीचे देखने पर करीब 200 मीटर गहरी खाई में नदी के पास एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही कोलूखेत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कार संख्या यूके 07 एचएल- 0343 की पहचान मृतक के वाहन के रूप में हुई। इसके बाद खाई में शव तक पहुंचने के लिए एसडीआरएफ और फायर सर्विस को बुलाया गया। पुलिस को वाहन के अंदर से मृतक का मोबाइल फोन और पर्स बरामद हुआ। इसके अलावा कार में शराब की आधी बोतल भी मिली। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अजय कोहली कार से उतरकर किस परिस्थिति में सड़क से नीचे पहुंचे। फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।




