दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी का सचिवालय कूच, गिरफ्तार
कांग्रेस नेताओं ने कहा की बीजेपी और प्रदेश सरकार के दलित विरोधी दोहरे आचरण के खिलाफ आज सचिवालय कूच किया गया है।

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा के बाद हुए शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर सचिवालय कूच किया। सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाए जाने के बाद गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस ने ‘शुद्धिकरण’ के लिए जिम्मेदार दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। हल्द्वानी रामलीला मैदान में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सचिवालय कूच किया और जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियो को गिरफ्तार कर पुलिस लाईन भेज दिया. आज दोपहर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व मे भाजपा सरकार के खिलाफ नारे बाजी करते हुए सचिवालय पहुँचे, जहां पहले से मौजूद पुलिस प्रशासन ने बैरियर लगा कर सुभाष रोड़ पर कांग्रेस के जुलुस को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने जमकर प्रदर्शन किया और सरकार को आडे हाथों लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा की बीजेपी और प्रदेश सरकार के दलित विरोधी दोहरे आचरण के खिलाफ आज सचिवालय कूच किया गया है।
हल्द्वानी में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ जैसे शर्मनाक और जातिवादी कृत्य के दोषियों पर तीन सप्ताह बाद भी न मुकदमा, न कार्रवाई हुई ? लेकिन सामाजिक न्याय की आवाज़ उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने में सरकार ने जरा भी देर नहीं लगाई। एक ही प्रदेश में कानून के दो पैमाने क्यों ?
जातिवादी मानसिकता वालों पर मेहरबानी और सामाजिक न्याय की आवाज़ पर कार्रवाई, आखिर यह कैसा न्याय है। हल्द्वानी में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देहरादून में विभिन्न स्तरों पर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस से जुड़े प्रतिनिधिमंडलों ने रायपुर थाना, नेहरू कॉलोनी थाना और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अजबपुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर ज्ञापन दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी राष्ट्रीय नेता के कार्यक्रम स्थल के मंच का कथित रूप से शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक सद्भाव, समानता और संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर थाने में भी तहरीर दी। पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के तीन सप्ताह बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी क्रम में नगर निगम पार्षद आयुष गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस महानिरीक्षक का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।महानगर अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा सुरेंद्र कुमार घेयल ने भी एसएसपी को पत्र सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।




