सूचना क्रांति के माध्यम से राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी : नेगी
राजीव गांधी युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति मानते थे और उन्होंने युवा ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य किया।

कोटद्वार। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यालय, जन सेवा केंद्र में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी सहित कांग्रेसजनों ने सर्वप्रथम राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी सोच वाले ऐसे युवा प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने का कार्य किया। उन्होंने देश में आधुनिक तकनीक, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा, पंचायती राज तथा युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लिए। श्री नेगी ने कहा कि स्थानीय स्वशासन संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की सोच को आगे बढ़ाने और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने में राजीव गांधी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज देश में लाखों महिलाएं पंचायतों और स्थानीय निकायों में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं, जिसका आधार राजीव गांधी जी की दूरदर्शी सोच रही है। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मतदान का अधिकार देना लोकतंत्र को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय था, जिससे करोड़ों युवाओं को देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिला। राजीव गांधी युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति मानते थे और उन्होंने युवा ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य किया।
श्री नेगी ने कहा कि कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार क्रांति की मजबूत नींव रखकर राजीव गांधी जी ने आधुनिक भारत का निर्माण किया। उनके कार्यकाल में कंप्यूटरीकरण, टेलीकॉम विस्तार, सी-डॉट , एमटीएनएल तथा तकनीक के उपयोग को बढ़ावा मिला, जिससे आज का डिजिटल भारत संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-1986, जवाहर नवोदय विद्यालय, इग्नू , ऑपरेशन ब्लैकबोर्ड तथा शिक्षा में विज्ञान और आधुनिकता को बढ़ावा देने जैसे कदमों ने देश के करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा दी। पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और सत्ता के विकेंद्रीकरण की सोच ने गांवों तक लोकतंत्र को सशक्त बनाने का कार्य किया। श्री नेगी जी ने कहा कि दल-बदल विरोधी कानून, टेक्नोलॉजी मिशन, पर्यावरण संरक्षण, गंगा एक्शन प्लान तथा पंजाब, असम और मिजोरम में शांति स्थापित करने के प्रयास राजीव गांधी के दूरदर्शी नेतृत्व के उदाहरण हैं। उनका सपना एक ऐसे भारत का था जो आत्मनिर्भर, वैज्ञानिक सोच वाला, आधुनिक और विश्व में अग्रणी राष्ट्र बने। उन्होंने कहा कि आज भारत जिस सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल संचार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में विश्व में अपनी पहचान बना रहा है, उसकी मजबूत आधारशिला रखने वाले नेताओं में राजीव गांधी का नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश में सद्भावना, एकता, आधुनिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी जी के विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने राष्ट्रीय एकता, सद्भावना, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा राजीव गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार की अध्यक्ष मीना बछुवाण, महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुधा असवाल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ चंद्रमोहन खर्कवाल, पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट,पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष बृजपाल सिंह नेगी, कृपाल सिंह नेगी, दान सिंह रावत, देवेंद्र सिंह नेगी, दिनेश रावत, नंदन सिंह रावत, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, उपेंद्र सिंह नेगी, पूर्व जिला अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अमित राज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन शामिल हुए।




