नीट परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में हल्ला बोल
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : ललित उत्तराखंडी

देहरादून। देहरादून के गांधी पार्क पर उत्तराखंड क्रांति सेना व तमाम सामाजिक संगठनो ने नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उत्तराखंड क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव उत्तराखंडी ने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के कारण उनके सपनों को गहरा आघात पहुंचता है। यह केवल छात्रों के साथ अन्याय नहीं बल्कि देश के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ है। समाज सेवक मोहित डिमरी ने कहा कि यदि परीक्षा की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगते हैं तो युवाओं का व्यवस्था से विश्वास उठने लगता है। केंद्र एवं संबंधित एजेंसियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। ललित उत्तराखंडी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति सेना युवाओं के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर संगठन प्रदेशभर में आंदोलन चलाने से भी पीछे नहीं हटेगा।




