लैंसडाउन चौक के पास निजी कॉलेज के बस चालक से मारपीट, दो हिरासत में

देहरादून। लैंसडाउन चौक के पास सड़क किनारे फुटपाथ पर कपड़े की फड़ लगाने वाले और निजी कॉलेज के बस चालक के बीच कहा सुनी हो गई। देखते ही देखते नौबत मार पिटाई तक पहुंच गई. इस दौरान डंडे के वार में बस चालक का सिर फूट गया। मामला इतना बढ़ा कि कॉलेज के सभी बस चालकों ने 1 घंटे से ज्यादा समय तक बसों को आड़ी-तिरछी खड़ी कर सड़क जाम कर दी और जमकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामले को शांत करवा कर जाम खुलवाया। वहीं, मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी खंगाले। जिसके बाद दो आरोपियों को चिह्नित कर उन्हें हिरासत में ले लिया। जबकि, बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे घटनाक्रम के दौरान जाम की स्थिति भी बनी रही। दरअसल, देहरादून के परेड ग्राउंड में दून पुस्तक महोत्सव 2026 में प्रतिभाग करने के लिए निजी शिक्षण संस्थान से 5 से ज्यादा बसें छात्र-छात्राओं को लेकर पहुंची. छात्र-छात्राओं को महोत्सव में छोड़कर सभी बसें रेंजर्स ग्राउंड में खड़ी हो गईं। इस चौक के आसपास के मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी बीच एक बस चालक गौरव लैंसडाउन चौक के पास फुटपाथ पर कपड़े लगाने वाले के पास पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। तभी बुक महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे संस्थान के छात्र-छात्राओं को लेने के लिए सभी बसें बारी-बारी से डेंजर ग्राउंड से रवाना हुई। जब बसें संस्थान के छात्र-छात्राओं को लेकर जैसे ही लैंसडाउन चौक पहुंची। वहां पहले से मौजूद कपड़े की दुकान लगाने वालों ने डंडों से बस चालक की जमकर धुनाई कर दी। ऐसे में अपने सहकर्मी के साथ हुए इस दुर्व्यवहार पर सभी बस चालक भड़क गए और उन्होंने लैंसडाउन चौक से दर्शन लाल चौक जाने वाली व्यस्त सड़क पर जाम लगा दिया।यह हंगामा करीब 1 घंटे तक चलता रहा। पुलिस ने इस बीच आसपास के बाजारों को बंद कराकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने मामले को शांत करवाने और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी समझाने बुझाने के बाद पुलिस ने सभी बसों को गंतव्यों की ओर रवाना किया। जबकि, घायल बस चालक को मेडिकल के लिए दून अस्पताल भेज दिया।




