उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरें

नारी निकेतनों में होगी मनोचिकित्सकों की नियुक्ति : रेखा आर्या

देहरादून। आज महिला सशक्तीकरण व बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के केदारपुरम स्थित नारी निकेतन में हुई एक संवासिनी की मृत्यु के घटना स्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नारी निकेतन की अधीक्षिका, अन्य कर्मचारीयों व जिस चौकीदार ने शव बरामद किया था, उनसे पूछताछ की। इस दौरान महिला सशक्तीकरण व बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने नारी निकेतन प्रशासन को परिसर में सभी जगह को सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी नियमित लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के उपाय करने के निर्देश दिए। इसके अलावा भविष्य में कभी ऐसी घटना की पुनरावृति ना हो, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
अभी इस प्रकरण की जांच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। यदि नारी निकेतन प्रशासन का कोई भी अधिकारी कर्मचारी इस घटना के लिए लापरवाही का दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं महिला सशक्तीकरण व बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने एसएसपी देहरादून को फोन कर पुलिस जांच की भी जानकारी ली और जांच को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय सचिव और निदेशक को निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी नारी निकेतनों में महिलाओं के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को सम्मिलित करने और मानसिक रोगियों की सही देखभाल के लिए मनोचिकित्सा की नियुक्ति करने संबंधी प्रस्ताव तैयार करें, जिससे के इसे कैबिनेट से मंजूर कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button