कैबिनेट मंत्री ने की भावी योजनाओं की समीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड राज्य की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने आज सचिवालय में आयोजित बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की भावी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल योजना में 18 वर्ष बाद उनके समायोजन और मेडिकल सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करें। केंद्र प्रायोजित स्पॉन्सर योजना में शेष बजट के लिए केंद्र सरकार के अधिकारियों से बातचीत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि “आलंबन गांव” योजना के लिए विकास नगर की जमीन की औपचारिकताएं इस महीने पूरी करें और ड्राफ्ट कैबिनेट में प्रस्तुत करें। केंद्र की स्पॉन्सर योजना में सभी पात्र बच्चे कवर नहीं हो पा रहे। इस गैप को भरने के लिए मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना लाई जाएगी। उन्होंने इस योजना का ड्राफ्ट तेजी से तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस अवसर पर चंद्रेश कुमार विभागीय सचिव, बंसीलाल राणा निदेशक, श्रीमती अंजना गुप्ता, मोहित चौधरी, श्रीमती नीतू फुलेरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




