उत्तराखंड समाचार

ब्लूटूथ से नकल करते 17 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया

नकलची अभ्यर्थियों के सॉल्वर गैंग के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

देहरादून। नवोदय विद्यालय की लैब अटेंडेंट परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल करते 17 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। यह परीक्षा सीबीएसई बोर्ड की ओर से देहरादून के दो स्कूलों में दो पालियों में आयोजित की गई थी। आरोपियों के पास से 17 ब्लूटूथ डिवाइस बरामद की गई हैं। इनके खिलाफ दो मुकदमे पटेलनगर और एक डालनवाला में दर्ज किया गया है। नकलची अभ्यर्थियों के सॉल्वर गैंग के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। सॉल्वर गैंग देहरादून से बाहर का बताया जा रहा है। इनकी तलाश में पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड की ओर से पटेलनगर क्षेत्र में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल और डालनवाला में दून इंटरनेशनल स्कूल में यह परीक्षा आयोजित कराई जा रही थी। पहली पाली की परीक्षा में सोशल बलूनी स्कूल से सूचना मिली कि एक अभ्यर्थी संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ दिखाई दिया। उसकी जांच की गई तो पता चला कि यह ब्लूटूथ डिवाइस है जिसे उसने जूते में छिपाया हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के रहने वाले सौरभ यादव नाम के अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शाम की पाली में भी यहां परीक्षा होनी थी। पुलिस ने केंद्र अधीक्षक के साथ मिलकर चेकिंग की तो यहां से सात और अभ्यर्थी ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़े गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दूसरे केंद्र में भी पड़ताल की। डालनवाला थाने से एक टीम ने दून इंटरनेशनल स्कूल में छापा मारा। यहां से कुल नौ अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ गिरफ्तार किया गया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से उनके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। इनका सॉल्वर कौन था और कहां से इनके साथ ऑनलाइन होना था इसकी जांच भी की जा रही है। अभी तक की जांच में पता चला कि यह सॉल्वर गैंग देहरादून से बाहर का है। इसमें उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी दबिश के लिए टीमें भेजी गई हैं। सभी आरोपियों से मिले ब्लूटूथ डिवाइस को जांच के लिए भेजा जा रहा है।

 

 

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581