उत्तराखंड समाचार

राजमार्ग पर तीसरे दिन भी उमड़ा आस्था का सैलाब

हरिद्वार और उसके आसपास के शिवभक्त महाशिवरात्रि के करीब यात्रा को यहां पहुंचेंगे।

लालढांग : हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार तीसरे दिन भी कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ा। चंडीपुल से लेकर रसियाबड़ तिराहे तक तीन से चार घंटे राहगीर जाम में फंसे रहे। एसओ श्यामपुर अनिल चौहान और एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार को खुद यातायात सुचारू करने में जुटना पड़ा। देर शाम तक भी हाईवे में वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ था। वहीं नहर पटरी में कांवड़ यात्रियों की आस्था और जोश देखते ही बन रहा था।

फाल्गुनी माह की कांवड़ में कांवड़ यात्रियों की आमद बढ़ती जा रही है। पिछले दो वर्षों बाद कावंड़ मेले में आस्था का सैलाब उमड़ा। पिछले तीन दिनों से लगातार नजीबाबाद-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ यात्रियों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में महिला कांवड़ यात्री भी धर्मनगरी हरिद्वार पहुंच रही हैं। इनमें ज्यादातर बिजनौर, मेरठ और उसके आसपास के इलाकों की निवासी हैं। हरिद्वार और उसके आसपास के शिवभक्त महाशिवरात्रि के करीब यात्रा को यहां पहुंचेंगे।

एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि इस बार कांवड़ियों की संख्या बहुत ही ज्यादा है। जिस कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। रसियाबड़ तिराहे से कावड़ियों को हाईवे पार कराने में ही जाम लग रहा है। उससे आगे कोई जाम नहीं है। कांवड़ यात्रियों को नहर पटरी से हाईवे पार करने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बकायदा उसके लिए रस्सियां भी लगाई गई हैं। लेकिन, यात्रियों की इतनी संख्या के आगे उनको रोकना संभव नहीं हो पा रहा है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से सभी प्रयास कर रही है।

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button