Uncategorized

द्रोणनगरी में निकली टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा

टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में निकली चंद्रयान 3 की भव्य झांकी

देहरादून 28 अगस्त। उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सहारनपुर चौक देहरादून में टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री कृष्णा गिरी महाराज ने पूजा के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, टपकेश्वर मंदिर के महंत भरत गिरी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे। शोभायात्रा में एक से बढ़ कर एक भव्य झांकी निकाली गई। पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाले चंद्रयान 3 की भव्य झांकी भी शामिल रहीं।गौरतलब हैं की भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मिशन चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) की 23 अगस्त 2023 दिन बुधवार की शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग हो गई थी। इसके साथ ही चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर अपने यान को उतारने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया था। इसी चंद्रयान 3 की झांकी को टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल किया गया था।

 

 

 

प्रातः 11 बजे सहारनपुर रोड़ स्थित शिवाजी धर्मशाला से भगवान टपकेश्वर महादेव की 22 वीं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। सहारनपुर रोड स्थित शिवाजी धर्मशाला से शोभायात्रा का शुभांरभ किया गया, यहां से शोभायात्रा सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, रामलीला बाजार, पीपलमंडी, धामावाला, कोतवाली, पलटन बाजार, घंटाघर, चकराता रोड, कैंट बोर्ड आफिस, डाकरा बाजार, गढ़ी कैंट, टपकेश्वर कालोनी होते हुए शोभायात्रा सात घंटे बाद टपकेश्वर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस बीच घंटाघर समेत कई जगह शोभायात्रा का स्वागत भी किया गया। विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद शोभायात्रा निकाली गई। 22 वीं शोभा यात्रा में इस बार अष्ट विनायक की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही भगवान टपकेश्वर के पार्थिव शिवलिंग की झांकी के अतिरिक्त भगवान टपकेश्वर के तीन डोले दूधेश्वर, पतेश्वर और देवेश्वर सहित अनेक भव्य झांकियां भी शोभायात्रा में शामिल रहीं। गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विशाल भंडारा भी आयोजित किया गया।

 

 

Related Articles

Back to top button