उत्तराखंड समाचार

ओपीडी में पर्ची काटने वाले स्वास्थ्य कर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव

स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे लोगों में हड़कंप

गोपेश्वर। जिला अस्पताल गोपेश्वर की ओपीडी में पर्ची काटने वाले (पंजीकरण करने वाला) स्वास्थ्य कर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकलने पर स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे लोगों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य कर्मी सुबह से करीब 200 लोगों की पर्चियां काट चुका था। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से ओपीडी को खाली करवाया गया। सीएमओ डा. एसपी कुड़ियाल ने बताया कि सभी अस्पताल कर्मियों की सैंपलिंग की जाएगी। आज विभिन्न गांवों से ग्रामीण स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल की ओपीडी में पर्ची बनाने वाले स्वास्थ्य कर्मी की तबीयत बिगड़ने पर उसकी कोरोना की एंटिजन जांच की गई, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि इससे पूर्व वह करीब 200 तक पर्चियां बना चुका था। कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना पर ओपीडी में मौजूद लोग एक-एक कर खिसकने लगे। अस्पताल प्रशासन ने भी लोगों को एहतियात बरतने और शारीरिक दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। सीएमओ डा. एसपी कुड़ियाल ने बताया कि पर्ची काटने के लिए दूसरे कर्मी की व्यवस्था की गई है। अस्पताल कर्मियों की सैंपलिंग की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button