आपका शहरउत्तराखंड समाचार

शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने दी थलीसैंण क्षेत्र को करोड़ों की सौगात

पौड़ी/देहरादून, 17 नवम्बर। सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के थलीसैण विकासखण्ड के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों को करोड़ों के विकास योजनाओं की सौगात दी। अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
डाॅ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज, कपरोली में रूपये 289.54 लाख की लागत से नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। अपने सम्बोधन में डाॅ. रावत ने कहा कि इस भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और अध्ययन के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध होंगी। इसके अलावा उन्होंने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर मल्ली एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर में रूपये 12-12 लाख की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का भी लोकार्पण किया। विद्यालयों में इन सुविधाओं से शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री डाॅ. रावत ने नगर पंचायत कैन्यूर में घर-घर कचरा संग्रहण एवं बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के लिए तीन कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के संचालन से नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नगर का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसके साथ ही नगर पंचायत थलीसैण में 47.56 लाख से बनने वाले रजत जयंती पार्क का शिलान्यास तथा नगर पंचायत कैंयूर व थलीसैण में 1.72 करोड़ की लागत से कूड़ा निस्तारण को बनने वाले प्रोसेसिंग।प्लांट का भी शिलान्यास किया।
नगर पंचायत कैन्यूर में डाॅ. रावत ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत पात्र 100 लाभार्थियों को आवास निर्माण के स्वीकृति पत्र वितरित किए। लाभार्थियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संचालित यह योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने और उनके अपने घर के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। डाॅ. रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
नगर पंचायत कैन्यूर में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डाॅ. रावत ने स्थानीय लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस दौरान विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान डाॅ. रावत ने ग्रामसभा मुसेटी एवं कपरोली में महिला मंगल दलों की मातृशक्ति को लोक संस्कृति, पारंपरिक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। इस अवसर पर महिला मंगल दलों की बहनों को शुभकामनाएं देते हुए डाॅ. रावत ने कहा कि हमारी मातृशक्ति ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित करना हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में शिक्षा, नगर पंचायत कैन्यूर व अन्य संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे साथ ही भाजपा पदाधिकारी, महिला मंगल दल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581