2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को सौंपी गई विभिन्न प्रभारों की जिम्मेदारी

देहरादून, 18 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्तराखंड प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को जिला, महानगर, विधानसभा क्षेत्र, अनुषांगिक संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन श्री राजीव महर्षि ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए प्रदेश संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों की संगठनात्मक क्षमता, अनुभव एवं कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए उन्हें विभिन्न क्षेत्रों एवं संगठनों के प्रभार सौंपे गए हैं, ताकि प्रदेशभर में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के मार्गदर्शन तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पूरी मजबूती के साथ तैयारियों में जुट गई है। इसी क्रम में प्रदेश पदाधिकारियों को विभिन्न प्रभारों की जिम्मेदारी सौंपकर संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त प्रभारी पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में पार्टी संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ निरन्तर सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा समय-समय पर निर्धारित कार्यक्रमों, जनान्दोलनों, धरना-प्रदर्शनों, जनसम्पर्क अभियानों एवं संगठनात्मक बैठकों का सफल संचालन सुनिश्चित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नवनियुक्त प्रभारी पदाधिकारी अपने प्रभार वाले जिलों, महानगरों एवं विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास कर स्थानीय संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं एवं सुझावों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराएंगे। इसके अतिरिक्त अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रभारी अपने-अपने संगठनों की गतिविधियों को गति प्रदान करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों से जोड़ने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों तथा युवाओं एवं किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार जनता के बीच संघर्ष कर रही है। नवनियुक्त प्रभारी पदाधिकारी इन जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली से त्रस्त है तथा बदलाव की अपेक्षा कर रही है। कांग्रेस पार्टी जनता की भावनाओं एवं अपेक्षाओं के अनुरूप एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार कर आगामी विधानसभा चुनावों में पूरी एकजुटता एवं मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को विभिन्न प्रभारों की जिम्मेदारी सौंपे जाने से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराया जा सकेगा तथा उत्तराखण्ड में 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की विजय का मार्ग प्रशस्त किया जा सके। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने यह भी कहा है कि जिन प्रदेश पदाधिकारियों को अभी कार्य आवंटित नहीं किया गया है उन्हें आगामी समय में जिम्मेदारी सौंपी जायेगी साथ ही प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के अतिरिक्त पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी शीघ्र ही कार्य आवंटित किया जायेगा।




