उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरें

जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस

बागेश्वर। गणतंत्र दिवस समारोह  की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 6:30 बजे प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक प्रतिभाग करेंगे। प्रभात फेरी चौक बाजार से बस स्टेशन होते हुए गांधी चौक स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दुग बाजार के माध्यम से नुमाईशखेत स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ संपन्न होगी।

26 जनवरी को प्रातः 7:30 बजे खेल विभाग के तत्वावधान में भागीरथी बाइपास से आरे तथा आरे से डिग्री कॉलेज गेट तक क्रॉस कंट्री रेस आयोजित की जाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था, जल संस्थान को पेयजल हेतु टैंकर तथा पुलिस विभाग को निर्धारित रूट पर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गणतंत्र दिवस के दिन प्रातः 9:30 बजे सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं शैक्षणिक संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। 25 एवं 26 जनवरी को सायं 6 बजे से रात्रि 09 बजे तक सभी सरकारी भवनों को बल्बों से प्रकाशमान किया जाएगा।

प्रातः 10 बजे पुलिस लाइन में पुलिस परेड आयोजित होगी, जबकि प्रातः 11:30 बजे नुमाईशखेत मैदान में सामूहिक ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही नगरपालिका को 21 से 26 जनवरी तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय परिसरों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और समाजसेवी को पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में विधायक पार्वती दास,मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित सभी एसडीएम संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button